Home » Blog » नंदानगर महाविद्यालय में अम्बेडकर वृतचित्र का प्रदर्शन

नंदानगर महाविद्यालय में अम्बेडकर वृतचित्र का प्रदर्शन

by badhtabharat

नंदानगर (चमोली)। अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय, नंदानगर में सोमवार को छात्रों के लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन पर आधारित वृतचित्र का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माता और महान समाज सुधारक के संघर्षमय जीवन से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के तहत प्रदर्शित वृतचित्र (डॉक्यूमेंट्री) के माध्यम से छात्रों को डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्षों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में समानता, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों के भीतर सामाजिक न्याय और संविधान के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि वृतचित्र प्रदर्शन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को बाबासाहेब के आदर्शों से जोड़ना और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना है।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने वृतचित्र को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। उनका कहना था कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि समानता और अधिकारों की एक बड़ी क्रांति का प्रतीक है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं शिक्षण स्टाफ की उपस्थिति रही।