नोएडा। नोएडा के सेक्टर-110 क्षेत्र में लोकसभा सचिवालय में कार्यरत संयुक्त निदेशक गौरव गौतम (40) ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस को मौके से 10 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने आर्थिक तंगी और करीब 70 लाख रुपये के कर्ज का उल्लेख किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गौरव गौतम केंद्रीय विहार-2, पॉकेट-7 स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने गौरव को कमरे में फंदे से लटका देखा और तत्काल पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे से मिले 10 पन्नों के सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव लंबे समय से आर्थिक दबाव में थे।
सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि विभिन्न कारणों से उन पर लगभग 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिसे चुकाना उनके लिए संभव नहीं रह गया था। इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। नोट में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी मौत के लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है।
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग सहित अन्य तथ्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। पुलिस मोबाइल फोन, आर्थिक लेनदेन और कर्ज से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
