Home » Blog » देहरादून स्थित कार्यालयों द्वारा 16 से 28 नवम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है ऑडिट सप्ताह

देहरादून स्थित कार्यालयों द्वारा 16 से 28 नवम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है ऑडिट सप्ताह

by badhtabharat
  • ऑडिट सप्ताह के अंतर्गत देहरादून में विभिन्न जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन
  • भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की 166 वर्षों की गौरवशाली विरासत को रेखांकित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 16 नवंबर को मनाया जाता है ऑडिट दिवस
  • लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही, पारदर्शिता एवं सुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशालाएँ, संवाद कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, ऑडिट मेला किया गया आयोजित
देहरादून : भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की 166 वर्षों की गौरवशाली विरासत और सुशासन में उसके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से देहरादून स्थित कार्यालयों द्वारा 16 से 28 नवम्बर 2026 तक ऑडिट सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही, पारदर्शिता एवं सुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हितधारकों के साथ संवाद को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यशालाएँ, संवाद कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, ऑडिट मेला सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में कौलगढ़ स्थित ऑडिट भवन में दिनांक 18 नवम्बर 2026 को दो महत्वपूर्ण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिनमें बाह्य हितधारकों एवं विभागीय अधिकारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। इन आयोजनों के माध्यम से लेखापरीक्षा एवं लेखांकन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के साथ-साथ विभिन्न हितधारकों के साथ संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

भारत के प्रथम महालेखापरीक्षक की नियुक्ति 16 नवम्बर 1860 को हुई थी। इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरण करने तथा भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की 166 वर्षों की गौरवशाली विरासत और सुशासन में उसके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 16 नवम्बर को ऑडिट दिवस मनाया जाता है।