Home » Blog » हरिद्वार : पंजाब की दो महिलाएं गिरफ्तार, पूर्व विधायक की पत्नी की लूटी थी चेन

हरिद्वार : पंजाब की दो महिलाएं गिरफ्तार, पूर्व विधायक की पत्नी की लूटी थी चेन

by badhtabharat

हरिद्वार। मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक की पत्नी की ट्रेन में चढ़ते समय सोने की चेन उड़ाने वाली दो आरोपित महिलाओं को पुलिस ने घटना के 24 घंटों के अंदर ही हरकी पैड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक वीरेन्द्र सिंह धीरू अपनी पत्नी के साथ सोमवती अमावस्या स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। सोमवार को दोपहर 3 बजे उनको लिंक एक्सप्रेस ट्रेन से वापस जाना था। जब वे पति-पत्नी ट्रेन में चढ़ने के लिए स्टेशन पहुंचे तो दो महिलाएं उनके पीछे लग गईं। पूर्व विधायक वीरेन्द्र पत्नी के साथ ट्रेन में चढ़ ही रहे थे कि पीछे से 2 महिलाएं आईं और उनकी पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। दोेनों महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गईं। वीरेन्द्र ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी। पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो दो लुटेरी महिलाएं कैमरे में दिखीं। पुलिस ने महिलाओं की तलाश शुरू कर दी।

मंगलवार दोपहर को पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के जाह्नवी मार्केट के पास से दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिलाओं ने सोने की चेन लूट की वारदात को कबूल किया। पुलिस ने आरोपित महिलाओं के पास से लूट की सोने की चेन बरामद कर ली है। दोनों पकड़ी गई महिलाएं पंजाब की निवासी हैं। दोनों के ऊपर पंजाब में आधा दर्जन से अधिक मुकद्में दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित महिलाओं का चालान कर दिया है।