Home » Blog » श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति जनसंघर्ष जल्द होगा शुरू – राष्ट्रीय संयोजक अनिल पाण्डेय

श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति जनसंघर्ष जल्द होगा शुरू – राष्ट्रीय संयोजक अनिल पाण्डेय

by badhtabharat
 
बिजनौर : चांदपुर लौटे श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति जनसंघर्ष समिति के राष्ट्रीय संयोजक अनिल पाण्डेय का नगर स्थित लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में जोरदर स्वागत किया गया। इस दौरान अनिल पाण्डेय ने कहा कि सनातन धर्म के संतों द्वारा मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराने का संकल्प लेकर संघर्ष समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जल्दी ही जन्म भूमि को मुक्त कराने के लिए संतो के निर्देशन में आंदोलन किये जाने की बात भी कही।
 नगर के डाकबंगला परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति जनसंघर्ष समिति के राष्ट्रीय संयोजक अनिल पाण्डेय ने कहा कि दो दिन पूर्व वृद्वावन में सनातन धर्म के संतों की बैठक हुई जिसमें श्रीकृष्ण जन्म भूमि पर बने अवैध ईदगाह को हटाने के लिए जन आन्दोलन के साथ ही मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज को समिति का मार्गदर्शक व संरक्षक बनाया गया है। आचार्य महामंडलेश्वर धर्मेन्द्र गिरी महाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है वहीं उन्हे राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्म भूमि संघर्ष के लिए जल्दी ही आंदोलन की रुपरेखा तैयार कर सरकार से श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराने की मांग की जायेगी।
राष्ट्रीय संयोजक अनिल पाण्डेय ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति जन संघर्ष संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। समिति जन आन्दोलन के माध्यम से सड़कों पर तथा न्यायालय में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखकर कानूनी लडाई लडेगी। देशभर के संत तथा महामंडलेश्वर व शंकराचार्यों को आंदोलन से जोड़कर श्रीकृष्ण जन्म भूमि की मुक्ति का रास्ता को तलाशा जायेगा। संघर्ष समिति आन्दोलन का प्रथम चरण श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा की साठ किलोमीटर की परिधि में शुरु कर वहां के लोगों को जगाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने का काम किया जायेगा। स्वागत समारोह में संजीव बंसल काके, डॉ. भूपेन्द्र तोमर, डॉ. कृष्ण कुमार, अतुल भाटिया, संजय चौधरी, मंदीप सिंह, धर्मेन्द्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद थे।